सहारनपुर: अवैध खनन माफियाओं पर पुलिस का ‘डिजिटल प्रहार’, व्हाट्सएप से रेकी करने वाले 8 आरोपी गिरफ्तार

सहारनपुर: अवैध खनन माफियाओं पर पुलिस का ‘डिजिटल प्रहार’, व्हाट्सएप से रेकी करने वाले 8 आरोपी गिरफ्तार

सहारनपुर: जनपद में अवैध खनन के खिलाफ चलाए जा रहे सघन अभियान के तहत सहारनपुर पुलिस ने एक ऐसे संगठित गिरोह का भंडाफोड़ किया है, जो व्हाट्सएप ग्रुप के जरिए प्रशासनिक अधिकारियों की रेकी कर अवैध खनन माफियाओं को सुरक्षित रास्ता मुहैया कराता था। पुलिस ने गिरोह के 8 सदस्यों को गिरफ्तार कर उनके पास से दो डंपर और एक कार बरामद की है।

अधिकारियों की लोकेशन साझा करता था गिरोह
पुलिस लाइन सभागार में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक (SSP) अभिनंदन सिंह ने पूरे मामले का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि लंबे समय से अवैध खनन को रोकने के लिए पुलिस और खनन विभाग संयुक्त अभियान चला रहे थे। हर बार कार्रवाई से पहले ही खनन माफिया सतर्क होकर फरार हो जाते थे। गहन जांच में सामने आया कि इसके पीछे एक सुनियोजित ‘सूचना तंत्र’ सक्रिय है। ये आरोपी अलग-अलग स्थानों पर तैनात होकर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों की गतिविधियों, चेकिंग अभियान और दबिश की सूचना तुरंत व्हाट्सएप ग्रुप पर डाल देते थे, जिससे खनन में लगे वाहन अपना रूट बदल लेते थे।

8 आरोपी गिरफ्तार, नेटवर्क की हो रही गहन जांच
तकनीकी और सर्विलांस की मदद से थाना गागालेहड़ी पुलिस ने इस पूरे नेटवर्क को ट्रैक किया और छापेमारी करते हुए सुहैल, नदीम, रजत, शहजाद, अंशुल, रजनीश, अहकाम और नौशाद को गिरफ्तार कर लिया। आरोपियों के पास से पुलिस ने कई मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनमें व्हाट्सएप चैट के जरिए पूरे नेटवर्क का खुलासा हुआ है।

संपत्ति होगी कुर्क और नीलाम: एसएसपी अभिनंदन सिंह ने सख्त लहजे में चेतावनी दी कि अवैध खनन से जुड़े किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि केवल खनन करने वालों पर ही नहीं, बल्कि उनके मददगारों और नेटवर्क संचालित करने वालों पर भी पुलिस का शिकंजा कसा जा रहा है। उन्होंने कहा:अवैध खनन से अर्जित की गई संपत्ति को चिन्हित किया जाएगा। गिरोह के सदस्यों की संपत्तियां जब्त कर नीलाम की जाएंगी, ताकि इस आपराधिक साम्राज्य को जड़ से समाप्त किया जा सके।

माफियाओं में हड़कंप
पुलिस की इस त्वरित और तकनीकी कार्रवाई से अवैध खनन माफियाओं में हड़कंप मचा हुआ है। आम जनता ने पुलिस के इस कदम की सराहना की है। फिलहाल, सहारनपुर पुलिस पूरे नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की धर-पकड़ में जुट गई है और जल्द ही इस मामले में और भी बड़े खुलासे होने की संभावना है।

JB TV 24 NEWS
Author: JB TV 24 NEWS

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें