मिर्जापुर पुलिस का खनन माफियाओं पर बड़ा प्रहार: अवैध खनन से भरे 3 डंपर सीज, इलाके में हड़कंप
रिपोर्ट: ज्योत्सना भारद्वाज, JB TV 24 NEWS
सहारनपुर: मिर्जापुर थाना पुलिस ने अवैध खनन के खिलाफ एक बड़ी और ताबड़तोड़ कार्रवाई को अंजाम दिया है। बेहट क्षेत्राधिकारी प्रिया यादव के कुशल निर्देशन में थाना प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह की टीम ने अवैध खनन माफियाओं की कमर तोड़ दी है।
रातभर सड़कों पर डटे रहे इंस्पेक्टर सूबे सिंह
बीती रात इंस्पेक्टर सूबे सिंह खुद अपनी टीम के साथ सड़कों पर उतरे। इस औचक अभियान के दौरान पुलिस ने अवैध खनन सामग्री से लदे तीन डंपरों को पकड़ा और उन्हें तुरंत सीज कर दिया। पुलिस की इस सख्त कार्रवाई की भनक लगते ही खनन माफियाओं में हड़कंप मच गया।
माफियाओं में बना खौफ
सूत्रों के अनुसार, इंस्पेक्टर सूबे सिंह की रातभर चली चेकिंग से माफिया इतने डर गए कि कई अन्य अवैध डंपर संचालकों ने अपने वाहन बाहर निकालने की हिम्मत तक नहीं की। माफिया रातभर पुलिस की गतिविधियों पर नजर रखे रहे, जिससे क्षेत्र में अवैध खनन गतिविधियों पर पूरी तरह से अंकुश लगा रहा।
अवैध खनन बर्दाश्त नहीं’: थाना प्रभारी
थाना प्रभारी निरीक्षक सूबे सिंह ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि क्षेत्र में अवैध खनन का कारोबार किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कहा कि कानून तोड़ने वालों के खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। पुलिस ने पकड़े गए डंपरों के खिलाफ संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है और खनन विभाग को नियमानुसार आगे की कार्रवाई के लिए सूचित कर दिया है।
पुलिस की इस मुस्तैदी से अवैध खनन से जुड़े माफियाओं में बेचैनी बढ़ गई है, वहीं स्थानीय लोगों ने पुलिस की इस कार्रवाई की सराहना की है।













