ग्राम सलेमपुर में गुरु रविदास जी की शोभायात्रा: राहुल खारी ने फीता काटकर किया शुभारंभ
आज ग्राम सलेमपुर में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की जयंती के उपलक्ष्य में भव्य शोभायात्रा का आयोजन किया गया। इस अवसर पर महाकाल गौ रक्षा दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल खारी मुख्य अतिथि के रूप में सम्मिलित हुए। उनके साथ संगठन के राष्ट्रीय सचिव आदेश खारी भी उपस्थित रहे।
शोभायात्रा के दौरान मंदिर कमेटी द्वारा राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल खारी और राष्ट्रीय सचिव आदेश खारी का भव्य स्वागत किया गया। कमेटी के सदस्यों ने दोनों अतिथियों को फूल-मालाएं पहनाकर उनका अभिनंदन किया और समाज के प्रति उनके योगदान की सराहना की।
इस पावन अवसर पर राहुल खारी ने अपनी श्रद्धा प्रकट करते हुए मंदिर के विकास और सेवा कार्यों के लिए सप्रेम भेंट अर्पित की। उन्होंने कहा कि संतों के चरणों में सेवा अर्पित करना सौभाग्य की बात है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष राहुल खारी ने गुरु रविदास जी के जीवन दर्शन पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा- गुरु रविदास जी ने समाज को समानता, प्रेम और मानवता का संदेश दिया। उनके विचार आज भी हमें सत्य और भक्ति के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। हमें उनके बताए ‘मन चंगा तो कठौती में गंगा’ के मार्ग का अनुसरण करते हुए समाज सेवा में जुटना चाहिए।
इस दौरान भारी संख्या में ग्रामीण और श्रद्धालु उपस्थित रहे, जिन्होंने गुरु रविदास जी के जयकारों के साथ पूरे वातावरण को भक्तिमय बना दिया।













