कैंसर पर विशेष जोर के साथ HPV जागरूकता कार्यक्रम

*रोटरी हरद्वार द्वारा दीक्षा राइजिंग स्टार स्कूल में सर्वाइकल कैंसर पर विशेष जोर के साथ HPV जागरूकता कार्यक्रम*

 

आज दिनांक 29 दिसंबर 2025 को रोटरी हरद्वार द्वारा दीक्षा राइजिंग स्टार स्कूल में *कक्षा 4 से 12 तक की लगभग 400 छात्राओं* के लिए एक व्यापक स्वास्थ्य जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। *इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य HPV (ह्यूमन पैपिलोमा वायरस) तथा उससे होने वाले विभिन्न कैंसरों* के प्रति छात्राओं को जागरूक करना रहा, जिसमें सर्वाइकल कैंसर पर विशेष रूप से विस्तार से जानकारी दी गई।

 

कार्यक्रम में रोटरी हरद्वार की तरफ़ से डॉ आलोक सारस्वत ने बताया कि सर्वाइकल कैंसर महिलाओं में होने वाले कैंसरों में से एक प्रमुख और गंभीर बीमारी है, लेकिन यह उन चुनिंदा कैंसरों में शामिल है जिनकी समय रहते रोकथाम संभव है। विशेषज्ञों द्वारा समझाया गया कि सर्वाइकल कैंसर का सबसे बड़ा कारण HPV संक्रमण है, जो सामान्यतः प्रारंभिक अवस्था में लक्षणहीन होता है, परंतु आगे चलकर यह जानलेवा साबित हो सकता है।

 

छात्राओं को यह भी *बताया गया कि HPV से न केवल सर्वाइकल कैंसर, बल्कि ओरल, पेनाइल और एनल कैंसर होने की संभावना भी रहती है*। इन सभी कैंसरों के कारण, जोखिम कारक और शुरुआती संकेतों को सरल भाषा में समझाया गया।

 

कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण HPV वैक्सीन पर केंद्रित रहा। छात्राओं को बताया गया कि:

• HPV वैक्सीन पूरी तरह उपलब्ध और सुरक्षित है

• यह वैक्सीन HPV संक्रमण से पहले सुरक्षा प्रदान करती है

• 9 से 18 वर्ष की आयु में वैक्सीन लेना सबसे अधिक प्रभावी माना जाता है

• आवश्यकता अनुसार उच्च आयु वर्ग में भी वैक्सीन ली जा सकती है

• वैक्सीनेशन के संबंध में WHO द्वारा निर्धारित मानकों और दिशानिर्देशों का पालन किया जाना चाहिए

 

साथ ही यह भी बताया गया कि वैक्सीन के अतिरिक्त नियमित स्वास्थ्य जांच, जागरूकता, स्वच्छता और सही जानकारी सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम में अहम भूमिका निभाते हैं।

 

सभी छात्राओं को इस विषय पर खुलकर जानकारी प्राप्त करने, अपने परिवार एवं समाज में जागरूकता फैलाने तथा भविष्य में स्वयं के स्वास्थ्य के प्रति सजग रहने के लिए प्रेरित किया गया। *कार्यक्रम के दौरान छात्राओं ने बिना झिझक अपने प्रश्न पूछे, जिनके स्पष्ट और संतोषजनक उत्तर दिए गए*, जिससे उनकी शंकाओं का समाधान हुआ।

 

यह कार्यक्रम किशोरियों में स्वास्थ्य शिक्षा और सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम की दिशा में रोटरी हरद्वार की एक महत्वपूर्ण और सराहनीय पहल सिद्ध हुआ।

JB TV 24 NEWS
Author: JB TV 24 NEWS

Leave a Comment

और पढ़ें

Cricket Live Score

Corona Virus

Rashifal

और पढ़ें