
निकासी के पानी को लेकर दो गांव के ग्रामीण आमने-सामने
नायब तहसीलदार व पुलिस ने कराया अस्थाई समाधान
नागल, सहारनपुर
रविवार सुबह खटोली के ग्रामीणों द्वारा नगली मेहनाज के निकासी के पानी का रास्ता बंद किए जाने को लेकर दोनों गांवों के ग्रामीण आमने सामने आ गए। सूचना पर पुलिस बल के साथ पहुंचे थानाध्यक्ष राजकुमार चौहान ने ग्रामीणों से वार्ता कर मामला शांत कराया। इस दौरान राजस्व टीम के साथ पहुंची नायब तहसीलदार मोनिका चौहान ने मौका मुआयना कर ग्रामीणों की सहमति से पानी की अस्थाई व्यवस्था कराई।
नगली मेहनाज के प्रधान प्रतिनिधि सुंदरलाल, पूर्व प्रधान नरेश चौधरी, बिरम सिंह, मास्टर महिपाल, सुशील, काला, सुखबीर, करण पाल, नीटू, हरिया आदि का कहना है कि करीब चार दशकों से उनके गांव का पानी दोनों गांवों के बीच स्थित बुगली नामक तालाब में जाता रहा है। ग्रामीणों द्वारा नाले में कई जगह बंध लगा दिए गए जिस कारण गंदा पानी वापस घरों में घुसने लगा। पानी की समुचित व्यवस्था किए बिना इसे बंद करना उचित नहीं।
उधर खटोली के प्रधान प्रतिनिधि शक्ति सिंह का कहना है कि उक्त तालाब के सौंदर्यकरण के चलते गांव का पानी रोका गया था, नगली मेहनाज में कई तालाब हैं। ग्रामीणों को अपने गांव का पानी अपने गांव के तालाब में डाइवर्ट करना चाहिए।
गांव में तनाव देखते हुए नायब तहसीलदार मोनिका चौहान व थानाध्यक्ष राजकुमार चौहान ने दोनों पक्षों को बैठाकर मामला शांत कराते हुए पूर्व प्रधान नरेश चौधरी के खेत में खड्डा खुदवाकर पानी की वैकल्पिक व्यवस्था कराते हुए कहा कि तीन दिनों में तालाब के सौंदर्य करण का कार्य पूरा हो जाएगा। इसके बाद पानी इसी तालाब में खोल दिया जाएगा।













