शिक्षक दिवस पर नागल में सम्मान समारोह आयोजित
नागल मान्यता प्राप्त विद्यालय महासंघ की नागल ब्लॉक इकाई द्वारा शिक्षक दिवस के अवसर पर कस्बे के डेट वैली इंटरनेशनल स्कूल में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता महासंघ के प्रदेश अध्यक्ष पवन सिंह राठौड़ ने की, मंडल अध्यक्ष कृष्ण मोहन मिश्रा एवं श्यामसिंह वर्मा,जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी कुमारी कोमल जी तथा सीएचसी प्रभारी प्रतिनिधि डॉक्टर सूरज सिंह विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ मां सरस्वती एवं डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर किया गया। इस अवसर पर बीएसए अधिकारी कोमल देवी ने कहा कि शिक्षक समाज की रीढ़ हैं, जो न केवल बच्चों को शिक्षा प्रदान करते हैं बल्कि उनके अंदर संस्कार और जीवन जीने की कला भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि बदलते समय में शिक्षक की भूमिका और भी महत्वपूर्ण हो गई है क्योंकि बच्चों को नई दिशा और मार्गदर्शन की आवश्यकता है।
प्रदेश अध्यक्ष पवन सिंह राठौड़ ने अपने संबोधन में कहा कि शिक्षक राष्ट्र निर्माता होते हैं और विद्यार्थियों के भविष्य को संवारने में उनकी सबसे बड़ी भूमिका होती है। वहीं जिला अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि शिक्षक दिवस हम सभी को यह याद दिलाता है कि शिक्षा ही समाज को सशक्त और समृद्ध बना सकती है।
सीएचसी प्रभारी प्रतिनिधि डॉक्टर सूरज सिंह ने भी अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि निपुण भारत को बनाने में शिक्षकों की महत्वपूर्ण भूमिका है शिक्षा और स्वास्थ्य किसी भी समाज की प्रगति की सबसे मजबूत नींव हैं, और शिक्षक इस नींव को मजबूती प्रदान करते हैं।
कार्यक्रम में जनपद सहारनपुर के ब्लॉकों से आए 12 शिक्षक एवं शिक्षिकाओं को शिक्षक रत्नों देकर देकर सम्मानित किया गया। वहीं ब्लॉक नागल के विद्यालयों को बेस्ट प्रिंसिपल अवार्ड भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर उपस्थित पत्रकार बंधुओं को भी स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया।शिक्षक सम्मान समारोह में महासंघ के प्रदेश,जिला,तहसील एवं ब्लॉकों के पदाधिकारियों को भी स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया,
सांस्कृतिक कार्यक्रम में सरस्वती शिशु मंदिर तथा तेजस इंटरनेशनल स्कूल के बच्चों ने आकर्षक प्रस्तुतियां दीं, जिन्होंने दर्शकों की खूब वाहवाही बटोरी। कार्यक्रम का सफल संचालन हेमंत अरोड़ा मीडिया प्रभारी तथा विकास पंवार वरिष्ठ जिला महासचिव ने किया। सभी पदाधिकारियों ने अंत में कार्यक्रम संयोजक अमित चौधरी तथा तसव्वर अली को सफल आयोजन के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।सम्मान समारोह में जनपद के सभी ब्लॉकों एवं नागल क्षेत्र से हजारों शिक्षक एवं शिक्षिकाएँ उपस्थित रहे।













