क्वान की डो जिला स्तरीय बैठक सम्पन्न, 29 नवंबर को होगा रेफरी चयन

सहारनपुर। जिला स्तरीय क्वान की डो मार्शल आर्ट समिति की महत्वपूर्ण बैठक स्थानीय कार्यालय में सम्पन्न हुई। बैठक में आगामी प्रतियोगिताओं की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा की गई।
समिति ने बताया कि 29 और 30 नवंबर 2025 को रेफरी चयन प्रक्रिया आयोजित की जाएगी, जिसके बाद चयनित रेफरी को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
इसके साथ ही 10 दिसंबर 2025 को राज्य स्तरीय क्वान की डो मार्शल आर्ट प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न जिलों के प्रतिभागी हिस्सा लेंगे।
समिति की अध्यक्ष रश्मि टेरेंस ने जानकारी देते हुए बताया कि क्वान की डो एक वियतनामी मार्शल आर्ट है, जो मुख्य रूप से आत्मरक्षा के लिए सीखी जाती है। भारत में यह खेल पहली बार 2017 में शुरू हुआ और 2018 में नेशनल लेवल पर इसकी प्रतियोगिता आयोजित हुई।
उन्होंने बताया कि सहारनपुर में इस खेल की शुरुआत लगभग चार वर्ष पूर्व आइडियल स्पोर्ट्स अकैडमी के माध्यम से हुई, जहां वर्तमान में विभिन्न क्षेत्रों से लगभग 25 प्रतिभागी प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे हैं और जिला, राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन कर रहे हैं।
समिति के पर्यवेक्षक एवं मंडल अध्यक्ष सुशील चौधरी ने कहा कि हमारा लक्ष्य इस खेल को अधिक से अधिक युवाओं तक पहुंचाना है, ताकि वे आत्मनिर्भर एवं शारीरिक रूप से सक्षम बन सकें। उन्होंने यह भी बताया कि राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को सरकारी नौकरियों में विशेष छूट भी प्राप्त होती है।
बैठक में समिति के सभी सदस्यों ने प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए अपने सुझाव साझा किए तथा आयोजन को लेकर उत्साह व्यक्त किया। इस दौरान मंडल अध्यक्ष एवं पर्यवेक्षक सुशील चौधरी सलाहकार बोर्ड से अलका कुमार हेमंत अरोड़ा शशांक शर्मा अध्यक्ष रश्मि टेरेंस प्रशांत कुमार विनायक शर्मा ऑस्टिन टेरेंस राजिक मलिक अमन कुमार अफ़रीद अली देव कुमार पाल पारुल शर्मा ज्योति आदि उपस्थित रहे













